दशमेश रोटी बैंक नाहन दून पांवटा के बांगरण शमशेरगढ़ गांव के आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आया है।। रोटी बैंक की ओर से 25 के करीब आपदा प्रभावित परिवारों को राशन समेत अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया है। सिरमौर जिला में भारी बरसात से लगातार नुकसान हो रहा है और बीते दिनों ग्राम बांगरण में भारी बरसात से दर्जनों परिवार बेघर हुए हैं। दशमेश रोटी बैंक के उपाध्यक्ष दलबीर सिंह ने बताया कि दशमेश रोटी बैंक आपदा प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब में आई आपदा के बाद राहत सामग्री भेजी जा रही है, वहीं हिमाचल प्रदेश के भी अलग-अलग क्षेत्र में लगातार भारी बरसात से नुकसान हो रहा है । ऐसे में दशमेश रोटी बैंक ने ग्राम बांगरण शमशेरगढ़ में आपदा से प्रभावित परिवारों को महीने भर का राशन और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया है। ग्रामीणों ने इस सहायता के लिए दशमेश रोटी बैंक का आभार व्यक्त किया है।