नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर एक में सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है। यहां सड़क की मरम्मत का कार्य भी शुरू किया गया, लेकिन वह भी अधर में लटका हुआ है। ऐसे में यहां लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे लोगों में लगातार रोष भी बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों अरुण जैन, योगेश पुंडीर, सन्तन सिंह पूंडरी, बिटू अरोड़ा, दिलप्रीत सिंह, नरेंद्र कोहली आदि ने बताया कि वार्ड नंबर एक में चौहान का बाग के समीप सड़क का कार्य शुरू किया गया था। यह कार्य शुरू से ही कछुआ गति से चल रहा था और अब कुछ समय से बंद पड़ा हुआ है। सड़क पर निर्माण सामग्री पड़ी है और वाहनों की आवाजाही से यह फैल गई है। इससे हादसों का भी भय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि वार्ड नंबर नंबर एक नगर परिषद अध्यक्षा श्यामा पुंडीर का अपना वार्ड है। लंबे समय से संपर्क मार्ग खस्ता हाल है। यहां रेत बजरी अन्य सामग्री मार्ग के बीचो-बीच पसरी है। नगर परिषद अधिकारियों समेत वार्ड पार्षद को कई बार समस्या से अवगत करवाया जा चुका है लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि जगह-जगह पसरा मालबा, खस्ताहाल सड़क जहां दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का मुख्य कारण बन रही है तो वहीं यहां धूल-मिट्टी और गंदगी लोगों के घरों तक पहुंच रही है। हवाएं चलने पर उड़ने वाली धूल से सबसे अधिक परेशान आसपास के लोग हो रहे हैं। लोगों को बीमारियां फैलने का भय भी बना हुआ है। घरों में धूल जमा हो रही है। शहरवासियों ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि यहां खस्ताहाल सड़कों की जल्द सुध ली जानी चाहिए। वहीं, नगर परिषद नाहन अध्यक्ष श्यामा पुंडीर ने कहा कि सड़क का काम कर रहे ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने को कहा गया है। पहले ठेकेदार के परिवार में मृत्यु हो जाने और बाद में त्योहारों पर मजदूरों के घर जाने से काम बंद हुआ है। जल्द काम को शुरू करवाया जाएगा ताकि आसपास के लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े।