स्वास्थ्य खंड धगेड़ा की ओर से सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र लाल पीपल और मोगीनंद स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों और बच्चों को कुष्ठ रोग के लक्षण और बचाव के साथ-साथ टीबी रोग के प्रति जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र लाल पीपल में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सौरव मिन्हास ने की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हैंड हेल्ड पोर्टेबल मशीन से 56 लोगों के एक्सरे किए। स्वास्थ्य शिक्षिका कृष्णा राठौर ने उपस्थित लोगों को बताया कि त्वचा पर गहरे रंग के धब्बे जो सुन्न होते हैं, उनमें दर्द या स्पर्श महसूस नहीं होता, हाथ, पैर या चेहरे की नसों का मोटा होना, मांसपेशियों में कमजोरी आंखों में सूखापन, लालिमा, या रोशनी कम होना कुष्ठ रोग क लक्षण है। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग लाइलाज नहीं है। शुरूआती लक्षणों में चिकित्सक को दिखाएं। स्वच्छता बनाए रखें। कुष्ठ रोगी के करीब रहने वाले लोग नियमित जांच करवाएं। इसके बाद मोगीनंद स्कूल में छात्राओं को कुष्ठ रोग और टीबी से बचाव को लेकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर सीएचओ अलिशा, नीना, हेल्थ वर्कर संदी ठाकुर, आशा कार्यकर्ता फरजाना, सुमित्रा, लीला, आंगनबाड़ी वर्कर सोनू ठाकुर मौजूद रहीं।