एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला। हादसे में मौके पर ही घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। सूचना देने के 1 घंटे बाद भी पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंचने से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क के बीच रखकर प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर ट्रक को जलाने का प्रयास भी किया। मिली जानकारी अनुसार वीरवार देर रात को शिवपुर के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष (30) पुत्र प्रीतम सिंह गाँव सूरत गढ़ ग्राम पंचायत नवादा के रूप मे हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही सैकड़ो लोग मौके पर पहुंच गए। नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन व पुलिस के खिलाफ मौके पर जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि सूचना देने के 1 घंटे तक भी पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची। करीब 1 घंटे बाद मौके पर दो पुलिसकर्मी पहुंचे। लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को मौके से खदेड़ दिया। इसके बाद स्थानीय विधायक व थाना प्रभारी पूरुवाला पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों के नारेबाजी जारी थी। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर ट्रक को जलाने का प्रयास किया। हालांकि कुछ बुद्धिजीवियों ने बीच बचाव कर ट्रक को आग लगाने से बचा लिया। एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है।