पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को शांतिपूर्ण व सफल बनाने के लिए विकासखंड ददाहू में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिसे लेकर रविवार को अंतिम पूर्वाभ्यास के बाद सभी चुनाव पार्टियों को उनके गंतव्य तक रवाना किया गया। विकासखंड ददाहू में पहली मर्तबा 26 पंचायत के 146 बू थों पर मतदान किया जाना है। जिसमें 26 मई को होने वाले पहले चरण के मतदान में नौ पंचायतों के 53 वार्ड शामिल हैं। जिसके लिए 53 चुनाव पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। विकास खंड निर्वाचन अधिकारी एवं बीडीओ ददाहू दर्शन लाल पुंडीर ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण कर लिए गए है। सभी बूथों के लिए 53 चुनाव पार्टियों को बाकायदा अंतिम प्रशिक्षण व चुनाव सामग्री के साथ उनके गंतव्य तक रवाना किया गया है। यह पार्टियां अपने मतदान केंद्रो पर पहुंच कर एक दिन पूर्व ही मतदान केन्द्र स्थापित करने के साथ साथ मतदान की तैयारियां पुरी करेगी। जिससे कि 26 मई को प्रातः 7:00 बजे से पहले चरण का मतदान शुरू किया जा सके। उधर, एसएचओ रेणुका प्रियंका वर्मा ने चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी सुरक्षा कर्मियों को बकायदा दिशा निर्देशों के साथ रवाना किया। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि कोई भी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी में कोताही ना बरते। मतदान केन्द्रों पर महिला व पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगाना सुनिश्चित करें और बुजुर्गों को मतदान में प्राथमिकता दें। मतदान के दौरान किसी भी अजनबी को वीडियो बनाने व हथियार आदि लेकर चलने की इजाजत ना दें और मतदान बाधित ना हो इस बात का विशेष ध्यान रखें।