सामाजिक संगठन हितैषी ने 35वें साल में प्रवेश करने के मौके पर साई हॉल नाहन में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की। संस्था के जिला अध्यक्ष प्रो. अमर सिंह चौहान की देख रेख में यह प्रतियोगिता हुई। इसमें मुख्यालय नाहन के सभी शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागी विद्यार्थियों ने शिरकत की और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। नाहन महाविद्यालय ने डॉ सलोनी सूद और विनीता पाल ने निर्णायक की भूमिका अदा की। प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में एमबीबीएस स्टूडेंट साक्षी बिष्ट ने पहला, राजकीय नर्सिंग कॉलेज की प्रशिक्षु शगुन ने दूसरा और माता पदमावती नर्सिंग कॉलेज की छात्रा मुस्कान ने तृतीय स्थान हासिल किया। कनिष्ठ वर्ग में डीएवी स्कूल नाहन की नियति पुंडीर ने पहला, इसी स्कूल की रिजा हुसैन ने दूसरा, एवीएन स्कूल नाहन की अदिति ने तीसरा स्थान अर्जित किया। इसके अलावा करियर अकादमी स्कूल नाहन की छात्रा सोनाक्षी, सुदीक्षा व एवीएन नाहन की अक्षरा अग्रवाल को प्रेरणा पुरस्कार प्रदान किया गया।