डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन (पीएमआर) विभाग को नई विशेषज्ञ चिकित्सक मिली हैं। फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन में एमडी डिग्रीधारी डॉ. चाहत बंसल ने मेडिकल कॉलेज में सेवाएं शुरू कर दी हैं। उनके आने से लंबे समय से पुराने दर्द, विकलांगता, रीढ़ की हड्डी की चोट और पैरालिसिस जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। डॉ. चाहत बंसल ने बताया कि फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन विभाग मुख्य रूप से उन मरीजों के उपचार और पुनर्वास पर कार्य करता है, जो लंबे समय से क्रॉनिक दर्द या शारीरिक अक्षमता की समस्या से जूझ रहे हैं। विभाग में जोड़ों के दर्द, कमर दर्द, गर्दन दर्द, मांसपेशियों की समस्याएं तथा अन्य लंबे समय तक रहने वाली दर्द संबंधी बीमारियों का उपचार किया जा रहा है।