सिरमौर जिला में लगातार मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से लोक निर्माण विभाग और लोगों की परेशानियां कम नहीं रही हैं। जिले में अभी भी 20 के करीब सड़कें बंद हैं। वहीं नाहन-रेणुकाजी सड़क नेहली के पास करीब पांच घंटे बंद रही। यहां पर भूस्खलन के चलते भारी मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए। हालांकि,लोक निर्माण विभाग की जेसीबी लगातार सड़क बहाली में लगी है, लेकिन बार-बार बारिश होने से सड़क बहाली का कार्य प्रभावित हो रहा है। करीब पांच घंटे बाद सड़क को वाहनों को लिए बहाल की गई। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। शिमला जाने वाले लोग भी जाम में फंसे रहे।