एचपीएसईबी पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक शनिवार को नाहन में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रधान शमशेर सिंह ठाकुर ने की। इस दौरान पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। पेंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि 15 मार्च तक सरकार उनकी मांगों पर कोई निर्णय नहीं लेती है तो 16 मार्च 2026 से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। महासचिव कमलेश पुंडीर ने बताया कि संयुक्त कार्रवाई समिति पेंशनर संगठन, जो प्रदेश के 18 विभागों के पेंशनरों से मिलकर बना है। 5 मार्च को सुंदरनगर (जिला मंडी) में समिति की राज्य स्तरीय बैठक आयोजित हुई थी। समिति की ओर से मांगों से संबंधित डिमांड चार्टर हिमाचल प्रदेश सरकार को मुख्य सचिव के माध्यम से सौंपा गया है। इसमें सरकार से लंबित मांगों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया गया है। अब यदि सरकार निर्णय नहीं लेती तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में 1 जनवरी 2016 से सेवानिवृत्त एचपीएसईबी पेंशनर्स एसोसिएशन के सभी पेंशनरों व पारिवारिक पेंशनरों को बकाया एरियर, संशोधित ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और विनिमय का भुगतान बिना देरी जारी करने की मांग उठाई गई।