राज्य कर एवं आबकारी विभाग की जिला सिरमौर में रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई सामने आई है। विभाग की एसआईटी ने जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कला अंब की एक शराब फैक्ट्री में दबिश दी। इस दौरान मौके पर बंद पड़ी फैक्ट्री से भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा बरामद किया गया है। जिसमें नियमों के विपरीत बाहरी राज्य की शराब तैयार की जा रही थी। इसके लेवल मौके पर बरामद हुए हैं। हालांकि अभी विभाग मामले में कार्रवाई में जुटा है, लेकिन विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि रात के समय बंद पड़ी फैक्ट्री में करीब दो दर्जन मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान शराब की बॉटलिंग की जा रही थी और कुछ शराब टैंको में भी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि यह औचक दबिश विभाग के राज्य मुख्यालय की टीम ने दी, जिसकी भनक स्थानीय अधिकारियों को भी नहीं लगी।