फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Alert: सिरमौर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, नदियां-खड्डें उफान पर; प्रशासन ने जारी की चेतावनी

Ankesh Dogra Updated Mon, 20 Jul 2026 02:43 PM IST

सिरमौर जिले में सोमवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश का दौर देर तक जारी रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। लगातार हो रही वर्षा के कारण जिले की नदियां और खड्डें उफान पर हैं, जबकि कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का सबसे अधिक असर कालाअंब और पांवटा साहिब के मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिला। यहां कई सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जलभराव के कारण सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। नाहन के विधायक अजय सोलंकी और उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने भी जिलेवासियों से बरसात के दौरान विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं प्राकृतिक आपदा, सड़क अवरोध, जलभराव या अन्य आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि राहत एवं बचाव कार्य समय पर शुरू किए जा सकें। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश जारी किए हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें