धनतेरस पर जिला सिरमौर में लोगों ने जमकर खरीदारी की। मुख्यालय नाहन सहित जिले के अन्य बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। आलम यह रहा कि नाहन बाजार में तिल धरने तक की जगह नहीं थी। धनतेरस पर इस मर्तबा करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। आभूषण, बर्तन, कपड़ों आदि की दुकानों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। बर्तन-आभूषणों के अलावा गाड़ी-बाइक के शोरूम, मिठाइयों, ड्राई फ्रूटस, कपड़ों और फर्नीचर की दुकानों में भी अच्छी खरीदारी हुई है। जानकारी के अनुसार नाहन के अलावा पांवटा साहिब, कालाअंब, ददाहू, सराहां, राजगढ़, राजपुर, सतौन, शिलाई, नौहराधार, हरिपुरधार व संगड़ाह आदि बाजार में धनतेरस पर रौनक रही। कई लोगों ने त्योहारी सीजन पर कई तरह के सामानों पर मिल रही विशेष छूट का भी फायदा उठाया। दुकानदारों ने बर्तनों की खरीद पर उपभोक्ताओं को छूट दी मिली। शहर में टीवी, फ्रिज सहित अन्य इलेक्ट्रानिक आइटम भी खूब बिकी। सुभाष ज्वेलर्स, नवरतन ज्वेलर्स, खिंदड़ी ज्वेलर्स समेत दूसरे ज्वेलर्स की दुकानों में धनतेरस पर खासी भीड़ रही। लोगों में ज्वेलरी खरीदने को लेकर काफी उत्साह देखा गया। धनतेरस पर शहर के लोगों ने झाड़ू की भी खरीदारी की। शहर में कई जगह विशेष रूप से झाड़ू की दुकानें लगाई गईं। इन दुकानों पर लोगों ने पहुंचकर झाड़ू की खरीदारी की। लोग दूसरे सामान के साथ झाड़ू खरीदकर घर ले जाते नजर आए।