सहकार भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री संजय पाचपौर ने कहा कि देश और प्रदेश के आर्थिक विकास को सुनिश्चित करने के लिए सहकारिता सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने आह्वान किया कि सहकारिता के लाभ और संगठन के कार्य को तहसील स्तर तक ले जाना आवश्यक है। यह विचार उन्होंने जिला सिरमौर की कार्यकारिणी और सहकारी सभाओं के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। अपने प्रवास के दौरान पाचपोर ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार के प्रभावी मंत्र दिए और प्राथमिक कृषि सहकारी सभा, कांसर द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। बैठक में विभाग संघ चालक चंद्रशेखर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंच परिवर्तन विषय को विस्तार से रखा और कार्यकर्ताओं से इसे अपने जीवन व कार्यशैली में उतारने का आग्रह किया। सहकार भारती के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने हिमाचल प्रदेश में संगठन की वर्तमान स्थिति और सहकारिता वृद्धि के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी साझा की। बैठक में भविष्य की रणनीति पर चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया कि आगामी समय में जिला सिरमौर में सहकार भारती का प्रांतीय अभ्यास वर्ग आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिला महामंत्री विजय वशिष्ठ, शिमला जिला अध्यक्ष कृष्ण चंद, संगठन प्रमुख कुलदीप कुमार, जिला अध्यक्ष अमन गुप्ता, खंड संघ चालक नंद लाल, प्रवीण ठाकुर (नाहन), कुलदीप (पांवटा साहिब) और पपेंदर कुमार (शिलाई) सहित विभिन्न सहकारी सभाओं के प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।