आस्था की नगरी पांवटा साहिब में बुधवार को आस्था का सैलाब उमड़ा। शहर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शान से निकली और हजारों ने रथ खींचा। शहर के भ्रमण पर निकले भगवान जगन्नाथ के लोगों ने पूरी श्रद्धा के साथ दर्शन किए और यात्रा में शामिल हुए। बुधवार को सुबह से ही बद्रीपुर शिव मंदिर परिसर में जगन्नाथ रथयात्रा के लिए सजे दरबार में हाजिरी लगाने के लिए श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए थे। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों की मधुर ध्वनियों से बद्रीपुर से पांवटा तक खूब गूंज उठती रही। शान के साथ पांवटा साहिब में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा शुरू हुई। जय जगन्नाथ, जय जगन्नाथ और जय श्री कृष्णा समेत देव धुनों से माहौल भक्तिमय हो उठा।