उपमंडल नाहन में वीरवार को एसडीएम के पद पर 2022 बैच के एचएएस अधिकारी राजीव कुमार सांख्यान ने कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह शिमला के जुब्बल में इसी पद पर सेवाएं दे रहे थे। हालांकि सिरमौर जिला उनके लिए नया नहीं है। इससे पहले वह यहां कालाअंब के मोगीनंद में हिमुडा में तहसीलदार तथा शिलाई में बतौर तहसीलदार अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पदभार संभालने से पूर्व एसडीएम ने माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में शीश नवाया। मूलत: हमीरपुर निवासी राजीव कुमार सांख्यान 2010 बैच के तहसीलदार हैं। जिसके बाद उन्होंने टीसीपी, तहसीलदार शिमला ग्रामीण, हिमुडा, शिलाई, कोटखाई व निचार में तहसीलदार तथा डीआरओ मंडी के पद पर सेवाएं दी। जिसके बाद 2022 में एचएएस परीक्षा उतीर्ण कर एसडीएम जुब्बल का पदभार संभाला। जुब्बल से अब उनका तबादला नाहन के लिए हुआ है। नाहन में पदभार संभालने के बाद मीडिय़ा से बातचीत करते हुए एसडीएम राजीव कुमार सांख्यान ने कहा कि वह अब से नाहन के लोगों के लिए हैं और नाहन के लोग अपनी समस्याओं को लेकर उन्हें कभी भी अवगत करवा सकते हैं। लोगों के लिए उनके कार्यालय के दरवाजे हमेशा खुले हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय में जितने भी कोर्ट केस हैं, उसके लिए कोशिश रहेगी कि लोगों को जल्द से जल्द न्याय मिले।