उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राजगढ़ के जिला स्तरीय शिरगुल देवता बैसाखी मेला को राज्य स्तरीय दर्जा और राजगढ़ स्थित एचआरटीसी डिपो सोलन से नाहन डिपो में करने की घोषणा की। मेले के समापन अवसर पर उन्होंने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेज राजगढ़ कांग्रेस की ही देन है। अब जल्द इस कॉलेज में एमए के दो विषय आरंभ किए जाएंगे। उद्योग मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर तीसरी सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनसमूह को सम्बोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि राजगढ़ का जिला स्तरीय बैसाखी मेला क्षेत्र के आराध्य देव शिरगुल महाराज के नाम पर आयोजित किया जाता है। धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक दृष्टि से यह मेला क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है। मेलों व त्यौहारों के माध्यम से जहां हमें अपने रीति-रिवाजों व परम्पराओं को संजोए रखने का मौका मिलता है, वहीं भावी पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति को देखने व जानने के अवसर प्राप्त होते हैं।