भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की जिला इकाई संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करेगी। जिले के कॉलेजों में स्टाफ समेत अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। एनएसयूआई के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनदीप ठाकुर ने यह बात रविवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को नशे व अन्य कुरीतियों से दूर रखने के लिए एनएसयूआई विशेष मुहिम छेड़ेगी। वर्तमान में नशा एक गंभीर समस्या है, जिसकी चपेट में युवा वर्ग आ रहा है। एनएसयूआई कॉलेज स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को जागरूक करेगा। मंडी जिले में आपदा प्रभावितों के लिए एनएसयूआई जिले के प्रत्येक कॉलेज में आपदा राहत कोष के माध्यम से सहायता राशि एकत्रित करेगा। मनदीप ठाकुर ने कहा कि सिरमौर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के कई कॉलेज ऐसे हैं, जहां पर स्टाफ की भारी कमी है। वहीं भवन व अन्य सुविधाएं न होने वहां पर अध्ययनरत छात्र परेशानी झेल रहे हैं। इसके लिए संगठन एक खाका तैयार करके इन समस्याओं को प्रदेश सरकार के समक्ष उठाएगा। उन्होंने बताया कि कई कॉलेज ऐसे हैं, जो स्टाफ की कमी के चलते बंद होने की कगार पर हैं। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, प्रदेश प्रभारी मुनीश्वर शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर और सिरमौर जिले के शीर्ष कांग्रेस नेताओं का आभार जताया। इस अवसर पर एनएसयूआई के पूर्व जिला सचिव विक्रम शर्मा, सुशांत शर्मा, प्रवीण शर्मा, दीपक शर्मा, हनी ठाकुर, अमन सोढ़ी, विवेक शर्मा आदि मौजूद रहे।