दिल्ली में छात्रों और युवाओं द्वारा किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने गुरुवार को जिला मुख्यालय नाहन में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका आरोप है कि वर्षों की मेहनत के बावजूद अभ्यर्थियों को निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया का लाभ नहीं मिल पा रहा और इससे युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा पेपर लीक के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि विभिन्न स्थानों पर आंदोलन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग किया जा रहा है। उनका कहना था कि यदि युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन और व्यापक होगा। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मनदीप ठाकुर ने कहा कि देश का युवा बेहतर शिक्षा व्यवस्था और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए तो संगठन भविष्य में अपने आंदोलन को और तेज करेगा। प्रदर्शन में एनएसयूआई के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।