रेणुका बांध विस्थापित संघर्ष समिति की खैरी जोन की बैठक सोमवार को खैरी स्थित अंटू बाग में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक सदस्य विनोद ठाकुर और सलाहकार पूर्ण शर्मा ने की। इसमें करीब 100 लोगों ने भाग लेकर विस्थापितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में हिमालय नीति अभियान के संयोजक गुमान सिंह और विकास विशेष रूप से मौजूद रहे। गुमान सिंह ने कहा कि रेणुका बांध परियोजना का कार्य अभी आसानी से शुरू होना संभव नहीं है, क्योंकि परियोजना को अभी पर्यावरण मंत्रालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने विस्थापितों से एकजुट और संगठित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से ही उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। बैठक में खैरी जोन की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। नरेंद्र को प्रधान, राघवानंद को उपप्रधान, अरुण शर्मा को महासचिव, रुपलाल और सरताज को सह सचिव और भानू प्रताप को कोषाध्यक्ष चुना गया। समिति ने निर्णय लिया कि यदि विस्थापितों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में रेणुकाजी बांध विस्थापित समिति के प्रेस सचिव योगी ठाकुर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।