भारी बारिश के बाद नाहन शहर के वार्ड नंबर-2 स्थित यशवंत विहार इलाके में लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। यहां बारिश का पानी और मलबा लोगों के घरों में घुस गया, जिससे घरों में रखा फर्नीचर और अन्य सामान खराब हो गया। प्रभावित लोगों ने बुधवार को पूर्व पार्षद पद के उम्मीदवार मनीष जैन के नेतृत्व में उपायुक्त से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि बीते दिनों हुई तेज बारिश के कारण यशवंत विहार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे लगा डंगा ढह गया। इसके बाद मलबा और पानी आसपास के घरों में पहुंच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार इस घटना से अमरनाथ और चंचल के घरों में पानी और मलबा घुस गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। मनीष जैन ने बताया कि इलाके में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह समस्या सामने आई है। उनका कहना है कि नाहन कॉलेज क्षेत्र से आने वाला बारिश का पानी सीधे इस हिस्से में पहुंच रहा है, लेकिन पानी की निकासी के लिए पर्याप्त नालियां नहीं बनाई गई हैं। लगातार पानी के दबाव के कारण डंगे को नुकसान पहुंचा और वह गिर गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में जल्द से जल्द जल निकासी नालियों का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही क्षतिग्रस्त डंगे की मरम्मत करवाने की भी मांग रखी गई। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाएगा।