सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में इस वर्ष भगवान श्री वामन जी के पावन पर्व पर भव्य वामन द्वादशी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। प्राचीन श्री वामन भगवान मंदिर समिति और मंदिर ठाकुरद्वारा रघुनाथ जी ट्रस्ट, नाहन के सौजन्य से होने वाले इस आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह 10 दिवसीय महोत्सव 18 सितंबर से 27 सितंबर तक चौगान मैदान में आयोजित होगा। नगर परिषद की ओर से आयोजन के लिए विधिवत अनुमति भी प्रदान कर दी गई है। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार उत्सव का मुख्य आकर्षण विशाल भजन संध्या होगी, जिसमें पंजाब के प्रसिद्ध गायक रोशन प्रिंस अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा हिमाचल के लोक संस्कृति के प्रसिद्ध कलाकार और नाटी किंग कुलदीप शर्मा भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं हिमाचल प्रदेश पुलिस का प्रसिद्ध बैंड हारमोनी ऑफ द पाइन भी कार्यक्रम में अपनी शानदार प्रस्तुति देगा। आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव में क्षेत्रीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित महोत्सव में पहुंचकर भगवान श्री वामन महाराज के दर्शन करें और धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनें। समिति ने प्रेस वार्ता के माध्यम से मीडिया कर्मियों का सहयोग के लिए आभार जताया और लोगों से इस 10 दिवसीय उत्सव को सफल बनाने की अपील की।