सिरमौर जिले के नाहन शहर में अघोषित बिजली कट और लो वोल्टेज की बढ़ती समस्या को लेकर भाजपा ने नाराजगी जताई है। इस मुद्दे पर जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली बोर्ड के एक्सईएन से मुलाकात कर लोगों की परेशानियों से अवगत कराया। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम लोगों के साथ-साथ व्यापारिक और दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले घोषित पावर कट के दौरान शाम सात बजे बिजली बहाल होनी थी, लेकिन शहर के कई क्षेत्रों में रात करीब 11 बजे आपूर्ति शुरू हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके अगले दिन भी नाहन के कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भाजपा ने बिजली बोर्ड से अघोषित कटौती और लो वोल्टेज की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। राकेश गर्ग ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा जनहित में विरोध प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेगी।