नाहन विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया है। विधायक अजय सोलंकी ने सैनवाला-झमिरिया-कटोला संपर्क मार्ग का विधिवत भूमि पूजन और शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 6.98 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस संपर्क मार्ग से क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इस दौरान विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और मजबूत सड़क नेटवर्क तैयार करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सोलंकी ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।