आस्था वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित डीएलएड कॉलेज नाहन में मंगलवार को द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं के सम्मान में भव्य फेयरवेल समारोह आयोजित किया गया। प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं ने अपने वरिष्ठ साथियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ प्रशिक्षुओं के पारंपरिक स्वागत से हुई। कनिष्ठ विद्यार्थियों ने पूजा-अर्चना कर उनका स्वागत किया और मुंह मीठा करवाकर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद कॉलेज परिसर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों से गुलजार हो उठा। कार्यक्रम का उद्घाटन आस्था स्कूल की प्रधानाचार्य सुषमा ठाकुर ने किया। समारोह के दौरान मॉडलिंग प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें प्रशिक्षुओं ने फिल्मी गीतों की धुन पर रैंप वॉक कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नृत्य और गायन की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं ने कॉलेज जीवन से जुड़ी अपनी यादें और अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में टास्क आधारित गतिविधियों और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंच संचालन शीतल और इंदुबाला ने किया। फेयरवेल समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां कनिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।