शहर के छोटा चौक क्षेत्र में बड़ी संख्या में कुत्तों की मौजूदगी से स्थानीय लोग और दुकानदार परेशान हैं। समस्या को लेकर सोमवार को पार्षद संध्या अग्रवाल की अगुवाई में स्थानीय लोगों और दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त सिरमौर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के सामने क्षेत्र की समस्या रखते हुए बताया कि एक व्यक्ति ने अपने घर में कई लावारिस कुत्तों को रखा हुआ है। लोगों के अनुसार, लंबे समय से आसपास रहने वाले परिवारों और दुकानदारों को इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुत्तों को वहां से हटाने के संबंध में पहले ही आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने प्रशासन से मामले में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, क्षेत्र में कुत्तों की संख्या अधिक होने के कारण शाम के समय बच्चों को ट्यूशन भेजना भी मुश्किल हो गया है। लोगों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। लोगों ने बताया कि बड़ी संख्या में कुत्तों के रहने के कारण क्षेत्र में दुर्गंध की समस्या भी बढ़ गई है। इसका असर आसपास के दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि बदबू के कारण ग्राहकों और कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से आग्रह किया कि मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं और कुत्तों को वहां से हटाने की व्यवस्था की जाए। लोगों ने कहा कि इससे छोटा चौक क्षेत्र के निवासियों और दुकानदारों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिल सकेगी।