स्वास्थ्य विभाग जिला सिरमौर की मासिक समीक्षा बैठक वीरवार को नाहन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पिछले महीने में राष्ट्रीय कार्यक्रमों को लेकर किए गए कार्यों पर चर्चा हुई। इस दौरान जो कमियां सामने आई उन्हें पूरा करने को लेकर सीएमओ द्वारा कड़े निदेश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए गए। बैठक में सीएमओ ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू व स्क्रब टाइफस के रोगियों की संख्या बढ़ जाती है, ऐसे में इन रोगों की रोकथाम को लेकर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने निर्देश दिए कि उक्त बीमारियों के इलाज के लिए दी जाने वाली दवाओं का सभी भंडारण सुनिश्चित करें ताकि जरूरत के समय सभी स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में रास्ते भी बंद हो जाते हैं, ऐसे में दवाओं के भंडारण की महत्वता ओर भी बढ़ जाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि जो भी रोगी सरकारी अस्पताल में आता है उसे जेब से पैसे खर्च करने की आवश्यकता न पड़े। जो भी जरूरी सुविधाएं सरकार की तरफ से अस्पतालों के लिए उपलब्ध हैं वह सभी सुविधाएं समय पर रोगियों को मिलनी चाहिए। इसको लेकर किसी भी तरह की ढील सामने नहीं आनी चाहिए। बैठक में जिले भर से बीएमओ, स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।