उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ग्राम पंचायत भवन नारग के निर्माण के लिए एक करोड़ 16 लाख, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला वासनी के परीक्षा हॉल के लिए 50 लाख और उप तहसील नारग की सड़क को पक्का करने के लिए 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उद्येग मंत्री सोमवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के नारग में दो दिवसीय जिला स्तरीय मां नगरकोटी मेले के समापन में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेले, तीज और त्यौहार हमारी संस्कृति के परिचायक हैं। ऐसे आयोजनों से हमें हिमाचल की प्राचीन समृद्ध संस्कृति को प्रत्यक्ष रूप से देखने व समझने का अवसर मिलता है। हर्षवर्धन चौहान ने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा नशे से दूर रहने का आहृवाहन किया।उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल के दौरान पच्छाद विधानसभा के राजगढ़ में जल शक्ति विभाग का डिवीजन क्रियाशील किया गया। ओच्छघाट-नारग व देवथल से नैना-टिक्कर सड़क को पक्का किया गया। उन्होंने कहा कि पच्छाद तहसील की 13 पंचायतों के 57 गांव की आबादी के लिए पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 22 करोड़ 66 लाख रुपए व्यय किये जा रहे हैं। इसका 80 फीसदी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ग्राम पंचायत द्रावली और दाड़ो-देवरिया के लोगों के लिए भी 8 करोड़ की लागत से पेयजल योजना का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इससे पूर्व हर्षवर्धन चौहान ने नारग में मां नगर कोटी मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने मेले में विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित विकासात्मक प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। साथ ही खेलकूद, कुश्ती दंगल के विजेताओं को पुरस्कृत किया। एसडीएम पच्छाद एवं अध्यक्ष जिला स्तरीय मां नगर कोटी मेला नारग डॉ प्रियंका चंद्रा ने उद्योग मंत्री को शॉल टोपी तथा स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, जिला परिषद सदस्य आनंद परमार और नीलम शर्मा, डीएसपी राजगढ़ विद्याचंद नेगी, तहसीलदार पच्छाद प्रवीण कुमार, नायब तहसीलदार नारग विनोद वर्मा, बीडीओ पच्छाद सुनील दत्त आदि मौजूद रहे।