हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल के बड़ाबन गांव निवासी बलिदानी लांस नायक मनीष ठाकुर की पार्थिव देह बुधवार दोपहर पैतृक गांव पहुंची। तिरंगे में लिपटी अपने लाडले की पार्थिव देह देख परिजन बेसुध हो गए। इस दाैरान लांस नायक मनीष ठाकुर अमर रहे, भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बलिदानी को श्रद्धांजलि व अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों लोग बड़ाबन में माैजूद रहे। बलिदानी मनीष ठाकुर की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस दाैरान हर आंख नम हो गई। बलिदानी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।