संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यालय नाहन में रविवार को विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं सिरमौर जिला सह प्रभारी राकेश डोगरा ने प्रकाश उत्सव के तहत होने वाले कार्यक्रमों और कलश यात्रा की रूपरेखा साझा की। कार्यशाला में जिला भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। राकेश डोगरा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में संत गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव के अवसर पर देशभर में सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को गुरु रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी से कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया था। उन्होंने बताया कि रविवार को यह कलश यात्रा हिमाचल प्रदेश के ऊना और सिरमौर जिले में पहुंची। 9 अगस्त तक यात्रा प्रदेश के सभी जिलों का भ्रमण करेगी और इसका अंतिम पड़ाव हमीरपुर जिले में होगा। राकेश डोगरा ने कहा कि 20 फरवरी तक पूरे प्रदेश में सामाजिक, धार्मिक और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में समानता, सामाजिक समरसता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।