नाहन शहर के एकमात्र खेल मैदान चौगान की बदहाल दशा को सुधारने के लिए मंगलवार सुबह दर्जनों युवा मैदान में उतरे। सिरमौर फुटबॉल संघ के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और हिम फिजिकल अकादमी के युवाओं ने चौगान मैदान की दशा सुधारी। युवाओं ने मैदान में पड़ी गंदगी को उठाया और दौड़ने के लिए बने ट्रेक को समतल किया। बता दें, लंबे समय से यह खेल मैदान बदहाल है, नगर परिषद यहां मेले आयोजित करके कमाई तो खूब कर रही है, लेकिन उसी दशा नहीं सुधार रही। मैदान में हाल ही में स्टेपको सिरमौर उत्सव का आयोजन किया गया। नगर परिषद की कमाई भी खूब हुई, लेकिन झूलों और दुकानों के लिए खोदे गए गड्ढों के कारण पूरा मैदान खराब हो गया। यही नहीं, उस दौरान बारिश भी खूब हुई, उससे मैदान में दलदल भरा और असमतल भी हो गया। इससे युवाओं को खेलों में और पुलिस व सेना भर्ती के लिए तैयारी करने में दिक्कत हो रही थी। इसके चलते युवाओं ने चौगान मैदान में यह सफाई अभियान छेड़ और गदंगी को उठाकर एक जगह ठिकाने लगाया। इस मौके पर सिरमौर फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव सोलंकी, समाजसेवी योगेश ठाकुर और एनएसयूआई के अध्यक्ष मनदीप ठाकुर समेत दर्जनों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।