टौंरू भैला वाया भगानी-अंबोया सड़क की बदहाली को लेकर शनिवार को भाजपा मंडल आंजभोज ने रोष प्रदर्शन किया। पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंबोया से गोजर की ओर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पिछले वर्ष सड़क का दौरा कर बरसात समाप्त होते ही टारिंग करवाने का आश्वासन दिया था। एक वर्ष बीत जाने के बावजूद सड़क की हालत सुधरने के बजाय और खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। इससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।