हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों की फीस में की गई बढ़ोतरी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। गुरुवार को एबीवीपी की सिरमौर जिला इकाई ने नाहन में उपायुक्त कार्यालय के बाहर जिला स्तरीय आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्र कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए फीस वृद्धि वापस लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से फीस में की गई भारी बढ़ोतरी का सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। एबीवीपी ने चेतावनी दी कि फीस बढ़ोतरी का फैसला वापस नहीं लिया गया, छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं किए गए और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे रद्द नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों से जुड़े इन मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।