नेशनल हाईवे चंडीगढ़-देहरादून पर नाहन दोसड़का से आगे जुड्डा का जोहड़ में ईटों से लदा एक टैंपो चालक सहित गहरी खाई में गिर गया। हादसे में शिमला के चौपाल निवासी टैंपो मालिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात को ईटों से लदा एक टैंपो कालाअंब से पांवटा साहिब की तरफ जा रहा था। इसी दौरान जुड्डा का जोहड़ के समीप टैंपो करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दौरान टैंपो के साथ चालक भी खाई में गिर गया। जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां नेशनल हाईवे होने के चलते दिन-रात ट्रैफिक रहती है लेकिन किसी की भी नजर दुर्घटनाग्रस्त टैंपो और शव पर नहीं पड़ी। इसी बीच पांवटा साहिब से नाहन की तरफ आ रहे अधिवक्ता सीटू खान ने दुर्घटनाग्रस्त टैंपो को देखा और यहां मृतक को भी पाया। सीटू खान ने बताया कि वह किसी काम ने नाहन पुलिस अधीक्षक कार्यालय की तरफ आ रहे थे तभी उनकी नजर दुर्घटनाग्रस्त टैंपो व यहां पड़े व्यक्ति पर गई, जिसकी बुरी हालत हो रही थी। मौके पर हालत से लग रहा था कि हादसा रात के समय हुआ है। उन्होंने करीब 3-4 बजे इसकी सूचना नाहन पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि मृतक की पहचान कासिमदीन पुत्र उमर दीन निवासी कुमड़ा चौपाल शिमला के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक टैंपो मालिक था जो स्वयं वाहन चला रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।