जनजातीय जिला किन्नौर की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव-2026 शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हो गया। रिकांगपिओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पार्क में आयोजित शुभारंभ समारोह में उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। यह महोत्सव वर्ष 1987 से परंपरागत रूप से आयोजित किया जा रहा है। मुख्यातिथि हर्षवर्धन चौहान ने महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विभागीय प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही ध्वजारोहण और दीप प्रज्ज्वलन भी किया गया। मेला समिति की ओर से मुख्यातिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांगपिओ के विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद उपायुक्त एवं मेला समिति की अध्यक्ष सोनाक्षी सिंह तोमर ने स्वागत भाषण दिया। समारोह में किन्नौर की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। पवारी का पारंपरिक लोकनृत्य और यांगपा का स्वांग नृत्य दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। इसके बाद उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। महोत्सव के पहले दिन शहनाई वादन प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। किन्नौर महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या शाम सात बजे से शुरू होगी। इसमें किरण कश्यप, अनिल सूर्यवंशी, रमेश ठाकुर, हिमाचली जोड़ी, ठाकुर रघुवीर सिंह, हेमंत शर्मा और अनुज शर्मा सहित अन्य कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की पारंपरिक लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को मंच मिल रहा है।