शिमला जिले के सराहन में 23 अगस्त को निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में सराहन सहित 15/20 वैली की करीब एक दर्जन पंचायतों के लोगों को विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों से जांच और परामर्श की सुविधा मिलेगी। जरूरतमंद मरीजों के लिए ऑपरेशन की व्यवस्था भी की जाएगी। शनिवार को रामपुर में बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चरल एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल सोनी ने की। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है। राहुल सोनी ने बताया कि सराहन, रंगोरी, किन्नू, दोफदा, मशनू, शाहधार बौंडा, ज्यूरी और बधाल समेत 15/20 वैली की सभी पंचायतों के लोग इस शिविर का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने लोगों से समय पर पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करवाने और जरूरतमंद मरीजों को भी शिविर की जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन स्थल, समय और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी। एसोसिएशन का कहना है कि समय पर नेत्र जांच से आंखों की कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है, जिससे समय रहते उपचार संभव हो सके। संस्था ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही।