रामपुर कॉलेज के मैदान में अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रोहड़ू कॉलेज ने रामपुर कॉलेज को हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। अब सीमा कॉलेज रोहड़ू की टीम प्रदेश विश्वविद्यालय में होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भाग लेगी, जो 1 नवंबर से शुरू होगी। रामपुर में पाटबंगला मैदान में आयोजित अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हुई। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में आठ कॉलेजों से आई टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रोहड़ू और रामपुर कॉलेज के बीच प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया। रोहड़ू कॉलेज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 217 रन का विशाल लक्ष्य रामपुर के समक्ष रखा। रोहड़ू की ओर से सलामी बल्लेबाज अविक्षित ने शानदार 100 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामपुर कॉलेज की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 160 रन पर सिमट गई। रामपुर कॉलेज के रिजुल ने अपनी टीम के लिए 80 रन जुटाए। अब रोहड़ू की टीम हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एक नवंबर को होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भाग लेगी। इस मौके पर उप प्राचार्य विद्या बंधु नेगी, प्रो. अनिल वर्मा, डॉ. सतपाल सिंह, प्रो. योगराज सिंह नेगी, प्रो. राजेश नेगी, सहित अन्य मौजूद रहे।