लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने गुरुवार को उपमंडल मुख्यालय काजा के अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में परियोजना सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पिछली बैठक में जारी किए दिशा-निर्देशों की वित्तीय और भौतिक कार्यों का ब्योरा मांगा। विकासात्मक कार्यों को तेज गति प्रदान करने के साथ किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। अनुराधा राणा ने कहा कि काजा उपमंडल के तहत विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर 16.67 करोड़ रुपये की धनराशि इस वित्तीय वर्ष में खर्च की जा रही है, ताकि इस क्षेत्र के लोगों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। जल शक्ति विभाग को काजा और ताबो में मल निकासी योजना के कार्य शुरू करने, क्षेत्र में चल रही पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को उन्नत किस्म के मटर के बीज समय पर वितरित करें, ताकि किसानों को समय पर बीज उपलब्ध हो। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को घाटी में मौसम और पर्यावरण आधारित पौधे लगाने के भी निर्देश दिए।