जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में स्वयंसेवी रोजाना विभिन्न गतिविधियों से रूबरू हो रहे हैं। स्वयंसेवी जहां स्वच्छता की अलख जगा रहे हैं, वहीं पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दे रहे हैं। शिविर में पांचवे दिन की शुरुआत प्रातःकालीन ड्रिल से हुई। इस दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और शारीरिक फिटनेस का अभ्यास करते हुए ड्रिल गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं दिन की मुख्य गतिविधि के रूप में एनएसएस स्वयंसेवियों ने कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेंद्र साहनी के साथ खनेरी अस्पताल में आउटरीच प्रोग्राम के अंतर्गत सेवा कार्य किया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवियों ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई में योगदान दिया। मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर सेवा भाव का परिचय दिया। अस्पताल प्रशासन ने भी स्वयंसेवकों के इस सहयोग की सराहना की। डॉ. जितेंद्र साहनी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों का विकास करना रहा। शिविर के पांचवें दिन की गतिविधियों ने एनएसएस के आदर्श वाक्य मैं नहीं, बल्कि आप को पूर्ण रूप से सार्थक सिद्ध किया।