रामपुर के नोगली में 26 से 28 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय मिश्रित मार्शल आर्ट का रोमांच देखने को मिलेगा। बीस्ट आईटीटी अकादमी रामपुर की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नोगली परिसर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय एमएमए प्रतियोगिता का आयोजन करेगी। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अफगानिस्तान सहित देश के कई राज्यों से एमएमए फाइटर दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता में देश-विदेश से करीब 150 फाइटर भाग लेंगे। इसी कड़ी में वीरवार को एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता पोस्टर का विमोचन किया। अकादमी प्रमुख कपिल देव ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना, उनकी प्रतिभा को मंच देना और समाज में नशा निवारण के लिए जागरूकता फैलाना है। कहा कि अलग अलग राज्यों से 150 से अधिक फाइटर आएंगे। पहली बार हिमाचल प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय एमएमए प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इंवेंट में पांच सेमी प्रो और प्रोफेशनल फाइट होगी। इसके लिए अफगानिस्तान और नेपाल से फाइटर आएंगे। प्रतियोगिता आठ अलग अलग भार कैटेगरी में आयोजित की जाएगी और हर कैटेगरी के विजेताओं को नकद पुरस्कार और ट्राॅफी से सम्मानित किया जाएगा। 26 दिसंबर को सभी खिलाड़ियों का वजन किया जाएगा। 27 और 28 को क्षेत्र के लोगों को एक से बढ़ कर एक रोमांचकारी मैच देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता में अफगानिस्तान सहित महाराष्ट्र, उत्तराखंड, हिमाचल, असम, पंजाब, राजस्थान और मणिपुर सहित अन्य राज्यों से करीब 150 खिलाड़ी पहुंचेंगे। इस मौके पर अध्यक्ष भीष्म चंद, उप प्रधान ललित, सचिव मंगल दास, मुख्य सलाहकार अनु गोस्वामी, अश्वनी शर्मा, चेतन पाकला और मार्शल खिमटा सहित कई खिलाड़ी उपस्थित रहे।