राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर चल रहा है। शिविर के दौरान शनिवार को स्वयंसेवियों ने आग से निपटने के गुर सीखे। अग्निशमन विभाग रामपुर से आए दमकल कर्मियों ने स्वयंसेवियों को प्रस्तुति के माध्यम से आग की घटनाओं पर काबू पाने के तरीके बताए। अग्निशमन अधिकारी घनश्याम और टीम ने स्वयंसेवियों को आपदा से निपटने बारे जागरूक किया। उन्होंने आग के प्रकार और उसे बुझाने के तरीके सिखाएं। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र सिंह लक्टू और पविंद्रा नेगी ने कहा कि प्रतिदिन स्वयंसेवियों को स्रोत व्यक्ति अपने विषय के बारे में जानकारी दे रहे हैं। स्वयंसेवी विभिन्न गतिविधियों से रूबरू हो रहे हैं। वहीं विशेष शिविर के दौरान रोजाना स्वयंसेवी सफाई अभियान भी चला रहे हैं। स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र में सफाई कर स्वच्छता की अलख जगा रहे हैं। स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य यशपाल ठाकुर सहित स्कूल के अन्य शिक्षक और स्वयंसेवी मौजूद रहे।