केंद्र सरकार ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कटौती कर आम जनता को सौगात दी है। इससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार दाम बढ़ाकर जनता का शोषण कर रही है। विधायक चौपाल बलवीर वर्मा ने प्रेसवार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विभिन्न वस्तुओं पर जीएसटी की दरों को घटा कर राहत दी। वहीं अगले दिन प्रदेश सरकार ने सीमेंट के दाम बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाला है। जबकि सीमेंट पर जीएसटी कम होने से दाम कम होने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि जहां केंद्र सरकार हर आम आदमी को राहत देने के फैसले ले रही है, वहीं, प्रदेश सरकार जनविरोधी फैसले लेकर आम आदमी को झटका दे रही है। कहा कि केंद्र सरकार ने जीवन रक्षक दवाइयों में भी जीएसटी को शून्य कर दिया है। इसके अलावा मध्यम वर्गीय परिवार की जरूरतों वाली अधिकतर चीजों पर भी जीएसटी या तो शून्य कर दिया गया है या फिर पांच प्रतिशत किया गया है। इससे आम आदमी ने राहत की सांस ली है। कहा कि प्रदेश सरकार कंगाली के दौर से गुजर रही है, उसे देखते हुए प्रदेश सरकार घटाई गई जीएसटी पर नए कर लगाने की फिराक में है। वर्मा ने कहा कि नवरात्रि पर्व के पहले दिन मोदी सरकार ने आम लोगों को जीएसटी की दरों में कमी कर बड़ा तोहफा जनता को दिया है। इस अवसर पर महासू जिला के अध्यक्ष अरुण फाल्टा, भाजपा नेता कौल सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष नरेश चौहान, महेंद्र जैन, अनिल चौहान, दिनेश खमराल, चेतन पाकला और केसरी दत्ता सहित अन्य मौजूद रहे।