शिमला जिले के रामपुर व अन्य क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत का संकट गहरा गया है। हालात यह हैं कि भद्राश से लेकर किन्नौर सीमा बधाल तक हाईवे किनारे स्थित सात में पांच पंप मंगलवार दिन को खाली रहे। रामपुर शहर के खनेरी स्थित पेट्रोल पंप पर तेल तो था, लेकिन वहां भी छोटे वाहनों को सिर्फ 500 रुपये तक पेट्रोल दिया गया। पेट्रोल पंपों के खाली पड़े रहने से वाहन चालकों को ईंधन के लिए भटकना पड़ा। मंगलवार को निरसू, दत्तनगर, रामपुर शहर के पाटबंगला, ज्यूरी और बधाल स्थित पेट्रोल पंप खाली रहे। पाटबंगला स्थित पेट्रोल पंप पर तो 12 मई के बाद से तेल की गाड़ी नहीं आई है। हालांकि, पेट्रोल पंप संचालक ने दावा किया मंगलवार शाम को तेल की गाड़ी पहुंच जाएगी, लेकिन इसके बाद भी छोटी गाड़ी वालों को सिर्फ 500 रुपये तक ही पेट्रोल दिया जाएगा। जबकि बड़ी गाड़ियों को मांग के मुताबिक डीजल दिया जाएगा। पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार तेल की सप्लाई की कम आ रही है। साथ ही रात को पेट्रोल-डीजल की गाड़ियों के चलने पर पांबदी भी है, जिस कारण भी देरी हो रही है।