पेंशनरों की लंबित मांगों को प्रदेश सरकार शीघ्र पूरा करें। बीते कई वर्षों से पेंशनर एरियर, लीव इनकैशमेंट और डीए सहित कई अन्य मांगों को सरकार के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यह बात राज्य विद्युत परिषद पेंशनर कल्याण संघ की बैठक में अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने कही। सोमवार को पेंशनर कल्याण संघ की बैठक फील्ड हॉस्टल रामपुर में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों ने लंबित मुद्दे जोर शोर से उठाए और सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर रोष जताया। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने कहा कि कई वर्षों से पेंशनर की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और बिजली बोर्ड ने हाल ही में कहा था कि 75 साल तक के पेंशनरों को एरियर दिया जाएगा। जबकि हमारे मेंबर 80 वर्ष के हैं, लेकिन उन्हें भी एरियर नहीं मिला है। जिससे साफ जाहिर होता है कि यह सिर्फ घोषणा ही बनकर रह गई है और अभी तक इसका क्रियान्वयन नहीं हो पाया है। कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों और अधिकारियों ने बिजली बोर्ड को खून-पसीने से सींचा है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हो या भाजपा की सरकार, दोनों सरकारों की गलत नीतियों के कारण आज बोर्ड की स्थिति बद से बदतर बन गई है। पेंशनरों को जहां समय पर पेंशन नहीं मिल रही है। वहीं, ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट सहित अन्य मांगों को लेकर पेंशनर परेशानियां झेलने को मजबूर हैं। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जीवन के इस पड़ाव में कई समस्याओं से दो चार होना पड़ रहा है और अपने परिवार का भरण-पोषण का संकट खड़ा हो रहा है। बैठक में सरकार और बिजली प्रबंधन से शीघ्र समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई है। वहीं बैठक में एचपीपीसीएल के चीफ इंजीनियर विमल नेगी आत्महत्या मामले को लेकर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में विमल नेगी मामले को लेकर सीबीआई जांच करने की मांग उठाई गई। कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो, यदि कोई भी इस मामले में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस मौके पर लायक राम सहित कई अन्य मौजूद रहे।