उपमंडल रामपुर के अंतर्गत सेब सीजन के प्रबंधों को लेकर शनिवार को ट्रक ऑपरेटर यूनियन, पिकअप यूनियन, सेब उत्पादक यूनियन, लेबर यूनियन, सेब ग्रेडिंग व पेकिंग एसोशिएशन, फॉरवडिंग एजेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ उप मंडलाधिकारी नागरिक रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई । बैठक में उप मंडलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन ने सेब सीजन के लिए तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं । उन्होंने कहा कि सेब को विभिन्न मंडियों तक पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से पिछले वर्ष जो दरें निर्धारित की थीं। उसमें इस वर्ष सेब सीजन के लिए रामपुर उप मंडल से दिल्ली व चंडीगढ़ के लिए भारी वाहनों के किराया दर में 10 पैसे प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करने के लिए प्रस्ताव उपायुक्त शिमला को भेजा गया है, जबकि पिकअप की दरें पिछले वर्ष की ही रहेगी । उन्होंने कहा कि सेब ढुलाई के दरों में संशोधन का प्रस्ताव जो सरकार को भेजा है उनमें रामपुर उप मंडल से दिल्ली के लिए ट्रक व अन्य भारी वाहनों का किराया 1.00 रूपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल व चंडीगढ़ के लिए 1.60 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है जबकि 20 किलोमीटर तक के पिकअप किराया 2.50 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल व 20 किलोमीटर के अधिक दूरी का किराया 2.30 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल ही रहेगा। उन्होंने ट्रक ऑपरेटर यूनियन व पिकअप यूनियन से कहा कि निर्धारित दरों से कोई अधिक वसूली करता है और प्रशासन को इसकी शिकायत मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी । बैठक में बागवानों ने मांग की कि सेब के वाहनों से कोई यूनियन पर्ची न काटे जिससे बागवानों को नुकसान हो । बैठक में करीब 90 लोगों ने भाग लिया जिसमें बागवान व विभिन्न यूनियनों के सदस्य शामिल थे ।