रामपुर और किन्नौर जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देश के सीमावर्ती इलाकों में तैनात आईटीबीपी के जवानों ने करीब साढ़े 13 हजार फीट की ऊंचाई पर योग से स्वस्थ रहने का संदेश दिया। सीमांत क्षेत्र छितकुल से आगे सीमा पर स्थित आईटीबीपी के विभिन्न कैंपों में योग दिवस मनाया गया। रामपुर के पाटबंगला मैदान, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में योग दिवस पर विद्यार्थी और लोगों ने योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया। पाटबंगला मैदान में कॉलेज प्रशासन की ओर से योग दिवस मनाया गया, जिसमें कॉलेज के शिक्षक, छात्र छात्राएं और स्प्रिंगडेल स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं छितकुल से आगे देश सीमा की ओर नितथल थाच, दुमति, नगस्ति और मस्तरंग में आईटीबीपी की द्वितीय वाहिनी की ओर से योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग के जरिये स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।