एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के सचिव दीक्षित ने रविवार को खेगसू फल मंडी का निरीक्षण कर आढ़ती एसोसिएशन और व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मंडी में लंबे समय से लंबित बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। बैठक में मंडी एसोसिएशन ने बताया कि फल सीजन के दौरान किसानों, बागवानों और व्यापारियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस पर एपीएमसी सचिव ने मंडी में मुख्य प्रवेश द्वार (मेन गेट), फ्लड लाइट, क्षतिग्रस्त डंगे का निर्माण और सुरक्षा रेलिंग लगाने का भरोसा दिया। इसके अलावा मंडी परिसर में पानी की स्टोरेज टंकी, नया सुलभ शौचालय और किसानों-बागवानों के बैठने के लिए बेंच उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से मंडी में आने वाले किसानों और व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी। बैठक के दौरान खेगसू आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्मचंद ठाकुर ने मंडी में लगे पुराने धर्म कांटे को बदलने की मांग उठाई। उनका कहना था कि वर्तमान धर्म कांटा पुराना होने के कारण उसकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है, जिससे फलों की तौल में परेशानी होती है। एपीएमसी सचिव ने कहा कि मंडी एसोसिएशन की सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि खेगसू फल मंडी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा सके।