नगर परिषद रामपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष करण शर्मा ने शनिवार को विधिवत रूप से कार्यभार संभाला। उन्होंने पूजा-अर्चना कर नई पारी की शुरुआत की। पदभार ग्रहण करने से पहले अध्यक्ष कक्ष में पूजा-अर्चना की गई और नगर परिषद क्षेत्र की सुख समृद्धि सहित विकास की कामना की। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष रोहित नेगी विशेष रुप से मौजूद रहे। कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान नगर परिषद परिसर में उत्साह का माहौल रहा। पूजा-अर्चना के बीच परिसर राधे-राधे के जयकारों से भी गूंज उठा। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने करण शर्मा और उपाध्यक्ष रोहित नेगी को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दी। सर्मथकों और दोस्तों सहित रिश्तेदारों ने इस अवसर पर मिठाइयां बांट कर खुशी मनाई। करण शर्मा के कार्यभार संभालने के साथ ही अब शहरवासियों की नजर नगर परिषद की नई टीम कार्यशैली पर रहेगी। रामपुर शहर में सफाई व्यवस्था, पार्किंग, यातायात, सीवरेज, शहर व एनएच पांच पर बढ़ रहा अतिक्रमण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना चुनौती रहेगी।