4 जनवरी से रामपुर के पाटबंगला मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच शुरू होगा। ओपन स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर वीरवार को एबीवीपी के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया। एबीवीपी रामपुर इकाई के परिसर अध्यक्ष आदित्य ने कहा कि 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष पर राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में प्रदेश भर में अलग अलग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में एबीवीपी रामपुर इकाई खेलो भारत गतिविधि के माध्यम से 4 जनवरी से पीजी कॉलेज रामपुर के पाटबंगला मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करेगी। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए संबंधित टीमें 2 जनवरी से पहले अपनी टीम का पंजीकरण करवा दें। प्रतियोगिता के आयोजक कमेटी के सदस्य सुभाष नेगी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता पहली बार आयोजित करवाई जा रही है। विजेता टीम को 71 हजार और ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। उपविजेता टीम को 31 हजार और ट्रॉफी से सम्मानित करेंगे। मैच पुल के आधार पर कराए जाएंगे। टीम को 13 खिलाड़ियों की सूची पहले देनी होगी। क्रिकेट प्रतियोगिता में लाल गेंद से मैच खेले जाएंगे। इस मौके पर परिसर सचिव हर्ष, उपाध्यक्ष युवराज और संयुक्त सचिव यशवंत मौजूद रहे।