किन्नौर जिले के कुप्पा गांव की ऊपरी पहाड़ी कुखरिंग डोखंग पर गुरुवार दोपहर को भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ से बड़ी-बड़ी चट्टानें गांव पर आ गिरीं। चट्टानों की चपेट में आकर दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए जबकि एक मकान पूरी तरह से तबाह हो गया। गनीमत रही कि भूस्खलन की आवाज सुनकर लोग पहले ही घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। चट्टानों की चपेट में आने से सेब के सात बगीचे, एक शौचालय, एक गोशाला, एक आंगन और पानी की पाइपों को भी नुकसान पहुंचा है। तहसीलदार सांगला हरदयाल सिंह के नेतृत्व में प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। चार परिवारों के 18 लोगों को हटाकर स्थानीय जीरा फार्म कुप्पा में शिफ्ट किया गया। वहां उनके खाने पीने की व्यवस्था भी की गई है।