जनजातीय जिले किन्नाैर के मूरंग झूला में शुक्रवार को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में कुल 36 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य समस्याओं के निपटाने के लिए संबंधित विभागाधिकारियों को निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निदान का आश्वासन दिया। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम प्रदेश सहित किन्नौर के समस्त लोगों को उनके घरद्वार पर सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियों और योजनाओं से लाभान्वित करना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर जिले के लोगों को सरल, सुगम और सुव्यवस्थित सुविधाएं प्रदान करने का उद्धारण है। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न नीतियों, योजनाओं से अवगत करवाना और उन्हें इन योजनाओं का लाभ प्रदान करवाना है। मंत्री ने मूरंग तहसील और आस-पास की विभिन्न पंचायतों के लोगों की जन-समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारी को समस्या का समाधान निकालने के निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित शिविर में 60 लोगों का निशुल्क उपचार किया गया। वहीं, आयुष विभाग की ओर से आयोजित शिविर में 190 लोगों का निशुल्क उपचार किया गया और दवाइयां वितरित की गईं। इस दौरान राजस्व विभाग ने 15 इंतकाल किए और पांच आम प्रमाणपत्र भी मौके पर लोगों को जारी किए गए। राजस्व मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, कार्यकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह घनश्याम दास शर्मा, सहायक आयुक्त विपिन ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, किनफैड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, निर्मल चंद्र नेगी, केसर नेगी, प्रेम नेगी, इंद्र सिंह नेगी, डॉ. प्रवीण शर्मा, इंद्र नेगी, भीम सैन नेगी, प्यारे लाल नेगी, बाल किशन कौंडल सहित अन्य मौजूद रहे।